महिला संवाद कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की मिल रही है जानकारी

सुरेश प्रसाद आजाद

नवादा, 23 मई 2025 । 

ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं अब अपने सपनों और आकांक्षाओं को महिला संवाद कार्यक्रम के माध्यम से खुलकर व्यक्त कर रही हैं। यह कार्यक्रम महिलाओं के लिए उम्मीदों का ऐसा मंच बन गया है, जहाँ वे न केवल अपनी समस्याओं को उजागर कर रही हैं, बल्कि विकास की नई संभावनाओं की भी तलाश कर रही हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाएं अपनी अपेक्षाओं और आवश्यकताओं को सीधे सरकार तक पहुँचा रही हैं।

जिले के सभी 13 प्रखंडों में प्रतिदिन 13 महिला संवाद रथ चलाए जा रहे हैं। प्रत्येक रथ प्रतिदिन दो कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इस प्रकार जिले में प्रतिदिन कुल 26 कार्यक्रम हो रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में जीविका से जुड़ी हुई एवं अन्य स्थानीय महिलाएं भाग ले रही हैं।

किसी भी समाज में बदलाव महिलाओं की भागीदारी के बिना संभव नहीं है। इसी सोच के तहत बिहार सरकार महिलाओं को शिक्षा से लेकर रोजगार तक हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर दे रही है। महिलाओं के लिए संचालित ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम पूरे राज्य में उत्साह और सफलता के साथ आगे बढ़ रहा है। महिलाओं की भारी भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि यह कार्यक्रम अपने लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों एवं क्रियान्वित कार्यों की जानकारी ऑडियो-विज़ुअल माध्यम से दी जा रही है। साथ ही, महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी लीफलेट्स के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिन्हें महिलाएं पढ़कर लाभ उठा रही हैं। मुख्यमंत्री, बिहार श्री नीतीश कुमार द्वारा महिलाओं के नाम भेजे गए संदेश पत्र को भी सभी महिलाएं पढ़ रही हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित महिलाएं अपने अनुभव साझा कर रही हैं कि किस प्रकार इन योजनाओं से उनके जीवन में बदलाव आया है। इसके अलावा महिलाएं अपनी आकांक्षाएं भी प्रकट कर रही हैं, जिनमें सड़कों का निर्माण, स्मार्ट गांव की स्थापना (जहाँ सभी सुविधाएं उपलब्ध हों), सिलाई केंद्रों का निर्माण, जीविका भवन और पुस्तकालय का निर्माण, पेयजल एवं सड़क की मांग प्रमुख हैं।

नवादा जिले में दिनांक 18 अप्रैल 2025 से अब तक कुल 890 ग्राम संगठनों द्वारा महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनमें 1,54,000 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया है। इन कार्यक्रमों के दौरान अब तक 22,000 से अधिक आकांक्षाएं संकलित की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *