सुरेश प्रसाद आजाद
नवादा, 17 मई 2025 ।

जिले में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन 18 अप्रैल 2025 से प्रतिदिन ग्रामीण क्षेत्रों में किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार द्वारा विशेषकर ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से राज्य में क्रियान्वित महत्वपूर्ण योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी महिलाओं को दी जा रही है।

ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार की पहल पर चल रहे महिला संवाद कार्यक्रम ने राज्य की आधी आबादी को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की नई मिसाल पेश की है। अब तक नवादा जिले के 734 जीविका ग्राम संगठनों में यह कार्यक्रम संपन्न हो चुका है। इन कार्यक्रमों में 1 लाख 25 हजार से अधिक ग्रामीण महिलाएं भाग ले चुकी हैं।

महिला संवाद कार्यक्रम में बिहार सरकार द्वारा महिला उत्थान के लिए संचालित योजनाओं से लाभान्वित महिलाएं अपनी सफलता की कहानी साझा कर रही हैं। जिले में आज कुल 26 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें लगभग 4 हजार महिलाओं ने भाग लिया। उन्होंने अपने गांव और समाज के विकास के लिए अपनी आकांक्षाएं सरकार से साझा कीं।
महिलाएं रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, नल-जल जैसी सुविधाओं की मांग कर रही हैं। उच्च विद्यालय खोलने, पुस्तकालय, जीविका भवन निर्माण और बैंक ऋण पर ब्याज दर घटाने के सुझाव भी सामने आए हैं। इन सभी सुझावों का दस्तावेजीकरण कर ऐप में दर्ज किया जा रहा है। अभी तक संपन्न हुए महिला संवाद कार्यक्रमों में 17,966 आकांक्षाएं दर्ज की गई हैं, जिसमें एक परिवार से लेकर गांव और पंचायत स्तर पर विभिन्न सुविधाएं या सेवाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम में संवाद रथ के माध्यम से महिला सशक्तिकरण पर आधारित वीडियो फिल्म दिखाई जा रही है। इसमें सरकार की उन योजनाओं की जानकारी दी जा रही है जो महिलाओं के उत्थान के लिए चलाई जा रही हैं। लीफलेट के ज़रिए राज्य में महिला केंद्रित महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।