सुरेश प्रसाद आजाद
नवादा, 22 मई 2025 ।

नवादा जिले के 13 प्रखंडों के 26 चयनित ग्राम संगठनों में दिनांक 21 अप्रैल 2025 को महिला संवाद का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। यह कार्यक्रम बिहार सरकार की एक अनूठी पहल है, जिसके माध्यम से महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है। इसमें महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

महिलाएं इन योजनाओं से प्राप्त लाभ एवं जीवन में आए बदलाव को कार्यक्रम के दौरान साझा कर रही हैं और अन्य महिलाओं को भी प्रेरित कर रही हैं। साथ ही, वे योजनाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी दे रही हैं। महिला संवाद के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं अब अपने सपनों और आकांक्षाओं को खुलकर व्यक्त कर रही हैं। यह मंच उनके लिए उम्मीद की किरण बन गया है। महिलाएं खुले मंच पर अपनी समस्याएं सामने रख रही हैं तथा विकास की नई संभावनाओं की ओर संकेत भी कर रही हैं। महिला संवाद कार्यक्रम के माध्यम से वे अपनी अपेक्षाएं और आवश्यकताएं सीधे सरकार तक पहुँचा रही हैं।
महिला संवाद के जरिए राज्य के विकास में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। इसकी झलक इस कार्यक्रम में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। विगत 20 वर्षों में राज्य में हुए विकास को और गति देने हेतु महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। गांव की महिलाएं अब गांव के समग्र विकास के लिए अपनी इच्छाएं एवं आकांक्षाएं स्पष्ट रूप से रख रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान महिला संवाद रथ में लगे एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लोक-कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित फिल्में दिखाई जा रही हैं। इसके अलावा, महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देने वाले लीफलेट भी वितरित किए जा रहे हैं। साथ ही, महिलाओं के बीच मुख्यमंत्री द्वारा राज्य की माताओं एवं बहनों को संबोधित पत्र का भी वितरण किया जा रहा है।
नवादा जिले में 18 अप्रैल 2025 से अब तक कुल 864 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 1 लाख 50 हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लिया है। इन कार्यक्रमों के दौरान अब तक कुल 21,577 आकांक्षाएं संकलित की गई हैं।