सुरेश प्रसाद आजाद

नवादा, 24 अप्रैल 2025 ।
नवादा जिला महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना। जिले के 26 विभिन्न स्थानों पर आयोजित ‘महिला संवाद कार्यक्रम’ में चार हज़ार से अधिक महिलाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। यह कार्यक्रम बिहार सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण को सशक्त आधार प्रदान करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है, जो जमीनी स्तर पर नीतियों को प्रभावी बनाने की एक अभिनव पहल है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी महिलाओं को राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही महिला कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे इनका समुचित लाभ उठा सकें। इस क्रम में ‘महिला संवाद रथ’ के माध्यम से ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति के ज़रिए महिलाओं को सशक्तीकरण के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी दी गई।
महिलाओं को जागरूक करने हेतु योजनाओं से संबंधित लीफलेट वितरित किए गए, जिनमें सरल भाषा में योजनाओं का विवरण था। साथ ही, मुख्यमंत्री की ओर से भेजा गया विशेष संदेश पत्र भी महिलाओं को पढ़ने को मिला, जिसे उन्होंने गंभीरता से आत्मसात किया।

इस अवसर पर कई लाभार्थी महिलाओं ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इन योजनाओं ने उनके जीवन में कैसे सकारात्मक बदलाव लाए हैं। उनके अनुभवों ने अन्य महिलाओं को भी प्रेरित किया।
महिलाओं द्वारा दिए गए सुझावों को संकलित कर प्राथमिकता के आधार पर सूचीबद्ध किया जा रहा है और उनका दस्तावेजीकरण कर राज्य सरकार को भेजा जाएगा, ताकि नीति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
यह कार्यक्रम न केवल महिलाओं को जागरूक और सशक्त बना रहा है, बल्कि उन्हें नीति-निर्माण प्रक्रिया में सहभागी भी बना रहा है। ग्रामीण महिलाएं अब महिला नीति विमर्श का केंद्र बन रही हैं, जो सामाजिक बदलाव की दिशा में एक सराहनीय और रचनात्मक पहल है।