पहल के रूप में उभरकर सामने आया है।
सुरेश प्रसाद आजाद
नवादा, 09 जून 2025 ।

ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित महिला संवाद कार्यक्रम नवादा जिला में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अत्यंत सशक्त और प्रभावी पहल के रूप में उभरकर सामने आया है, इसमें महिलाएं पूरे उत्साह और उमंग के साथ शामिल हो रही हैं। इस कार्यक्रम में उठ रही महिलाओं की आवाज़ महिला सशक्तिकरण की नई इबारत लिख रही है।
यह कार्यक्रम न केवल ग्रामीण महिलाओं को सरकार की योजनाओं और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहा है, बल्कि उन्हें गाँव और पंचायत स्तर की समस्याओं और जरूरतों पर खुलकर अपनी बात रखने का मंच भी प्रदान कर रहा है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाएं अपनी आकांक्षाओं, सुझावों और समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का भरपूर फायदा उठा रही हैं। साथ ही महिलाएं बड़ी मुखरता से शिक्षा, स्वास्थ्य, जल-जमाव, वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांगता पेंशन, सोलर लाइट, सामुदायिक भवन, सामुदायिक शौचालय, सिंचाई, रोजगार और कुटीर उद्योग आदि की मांग कर रही हैं। महिलाएँ स्वयं से लेकर अपने पंचायत और समाज में बेहतरी लाने के लिए अपनी आकांक्षा को भी खुलकर व्यक्त कर रही हैं। साथ ही बिहार सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाने वाली महिलाएं अपने जीवन संघर्षों और सफलता की कहानियों को साझा कर अन्य महिलाओं को प्रेरित भी कर रही हैं।

महिला संवाद कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को बिहार सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में क्रियान्वित महिलाओं के लिए आरक्षण, बिहार राज्य महिला सशक्तिकरण नीति, नशामुक्ति अभियान, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन अभियान, बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका), सतत् जीविकोपार्जन योजना, मुख्यमंत्री बालिका पोषाक योजना, मुख्यमंत्री पोषाक योजना, बिहार शताब्दी मुख्यमंत्री बालिका पोषाक योजना, मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना, मुख्यमंत्री बालिका (इंटरमीडिएट) प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री बालिका (स्नातक) प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री मेधावृत्ति योजना, मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना आदि के बारे में लीफलेट और ऑडियो-वीडियो के माध्यम से जानकारी दी जा रही है।

नवादा जिला में अब तक 1327 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें 2,29,567 महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी की है। इन संवादों के माध्यम से अब तक 34,324 आकांक्षाओं को मोबाइल ऐप में दर्ज किया गया है।