’’बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’’ अंतर्गत सखी वार्ता की हुई बैठक

सुरेश प्रसाद आजाद

नवादा,13 जून 2025 । 

  12 जून 2025 को नारी शक्ति जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ, प्रखंड – मेसकौर, जिला – नवादा में महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित मिशन शक्ति कार्यक्रम के जिला हब फॉर एमपावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) के द्वारा ’’बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’’ अंतर्गत सखी वार्ता की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में निम्न मुद्दों जैसे – (1) महिला हेल्पलाइन नंबर – 181 (2) आपातकालीन नंबर -112 (3) चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर -1098 (4) बाल विवाह (5) दहेज प्रथा (6) भ्रूण हत्या (7) मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना (8) वित्तीय जोखिम (9) साइबर अपराध (10) सुकन्या समृद्धि योजना (11) आयुष्मान कार्ड जैसे विषयों पर बारी-बारी से चर्चा की गई।

सर्वप्रथम बैठक की शुरुआत जिला मिशन समन्वयक हेना तबस्सुम द्वारा की गई। बैठक की कार्यवाही शुरू होने से पहले श्रीमती तबस्सुम ने बैठक में उपस्थित लोगों को धन्यवाद ज्ञापन करते हुए बताया कि आज भी हमारे समाज में कई महिलाएं शोषण का शिकार हो रही हैं, चाहे वह शोषण शारीरिक हो या मानसिक। महिलाओं पर हो रहे शोषण को खत्म करने के लिए और उन्हें सशक्त तथा जागरूक बनाने के लिए आज की बैठक को आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य बनाया गया है।

श्रीमती तबस्सुम ने लोगों को महिला हेल्पलाइन नंबर – 181 के बारे में बताते हुए कहा कि यह टोल फ्री नंबर है जो कि 24 घंटे और 7 दिन कार्य करता है। इस महिला हेल्पलाइन नंबर -181 पर वैसी महिलाएं अपना केस दर्ज करवा सकती हैं, जिन पर किसी भी प्रकार का शोषण, यौन उत्पीड़न, मारपीट की घटनाएं होती हैं; बाल विवाह की शिकायत, पॉस्को, पॉश की शिकायत इस नंबर पर कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने बाल विवाह एवं दहेज प्रथा जैसी गंदी कुरीतियों को समाज से दूर करने के लिए लोगों से अपील की और कहा कि हमें इसे रोकना है और साथ ही उसे खत्म करना है ताकि यह हमारे समाज से समाप्त हो सके। बाल विवाह से लड़कियों की आज़ादी, पढ़ाई एवं उनका जो लक्ष्य है, वह समाप्त हो जाता है। दहेज प्रथा हमारे समाज के लिए अभिशाप है और इसे भी समाज से खत्म करना है।

वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमन कुमार ने उपस्थित लोगों को आपातकालीन सेवा नंबर 112 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में बताया एवं साथ ही गर्भ में पल रही बच्चियों की भ्रूण हत्या पर चर्चा करते हुए बताया कि हमें इसे रोकना है। इसे रोकने के लिए ही हमें महिलाओं को जागरूक करना है और उन्हें यह बताना होगा कि आज लड़कियां लड़कों से कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं। आज लड़कियां कई क्षेत्रों में लड़कों से भी आगे निकल चुकी हैं, इसलिए लड़कों और लड़कियों के बीच भेदभाव न करें और दोनों को समान अधिकार दें।

सुश्री निशि लेखा, सहायक, ने राज्य सरकार से मिलने वाली मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, आयुष्मान कार्ड, सुकन्या समृद्धि योजना से मिलने वाले लाभ के बारे में लोगों को बताया और उन्होंने इसमें लगने वाले ज़रूरी दस्तावेजों के बारे में भी उपस्थित लोगों को बताया। साथ ही आज कई लोग साइबर क्राइम का शिकार हो रहे हैं। इससे बचने के लिए लोगों को खास बातें बताई गईं और अंत में इन सारे मुद्दों पर चर्चा समाप्त करते हुए बैठक को समाप्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *