नवादा , 10 म़ई 2025 ।


ग्रामीण विकास विभाग के माननीय मंत्री श्री श्रवण कुमार दिनांक 9 मई 2025 को नारदीगंज प्रखंड के डोहरा पंचायत स्थित संगोवार गाँव में शंकर ग्राम संगठन द्वारा आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए।
महिला संवाद में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार ने महिलाओं के सर्वांगीण विकास और सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं प्रारंभ की हैं। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है कि आज बिहार की महिलाएं सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। उन्होंने जीविका समूह की दीदियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इन महिलाओं ने जमीन से लेकर आकाश तक अपनी पहचान बनाई है।
मंत्री श्री श्रवण कुमार ने कहा कि कोई भी विकास की बात महिला की भागीदारी के बिना अधूरी है। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया।
इस अवसर पर नवादा की उप विकास आयुक्त श्रीमती प्रियंका रानी ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए बताया कि महिला संवाद कार्यक्रम जिले भर में सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है, जिसमें महिलाएं खुले रूप से अपनी आकांक्षाएं व्यक्त कर रही हैं। इन आकांक्षाओं को योजनाओं के माध्यम से दिशा दी जा रही है।
कार्यक्रम में बिहार सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। वहीं कई महिलाओं ने अपनी अपेक्षाएं सीधे ग्रामीण विकास मंत्री के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण हेतु सरकार द्वारा किए गए कार्यों को ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से दिखाया गया। साथ ही संबंधित योजनाओं की जानकारी से युक्त लीफलेट्स एवं मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार का संदेश भी वितरित किया गया।

यह उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं ग्राम्य क्षेत्र में हुए सकारात्मक परिवर्तनों पर संवाद के उद्देश्य से महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन 18 अप्रैल 2025 से राज्यभर में जीविका महिला ग्राम संगठनों के स्तर पर प्रारंभ किया गया है।