पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी -सुरेश प्र०आजाद

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज एक वीडियो संदेश जारी कर पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह का निधन राष्ट्र के लिए एक बड़ी क्षति है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करना कोई साधारण उपलब्धि नहीं है और विभाजन के दौरान भारत आने के बाद बहुत कुछ खोने के बावजूद डॉ. सिंह एक सफल व्यक्ति थे। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह का जीवन भावी पीढ़ियों को सिखाता है कि कैसे विपरीत परिस्थितियों से ऊपर उठकर ऊंचाइयों को प्राप्त किया जाए।

श्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि डॉ. सिंह को हमेशा एक दयालु व्यक्ति, एक विद्वान अर्थशास्त्री और सुधारों के लिए समर्पित नेता के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने अर्थशास्त्री के रूप में विभिन्न स्तरों पर भारत सरकार में डॉ. सिंह के कई योगदानों पर प्रकाश डाला। प्रधानमंत्री ने चुनौतीपूर्ण समय के दौरान भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर के रूप में डॉ. सिंह की भूमिका की भी सराहना की।

श्री मोदी ने इस बात पर बल दिया कि डॉ. सिंह का जीवन उनकी ईमानदारी और सादगी का प्रतिबिंब था। उन्होंने डॉ. सिंह का विशिष्ट संसदीय करियर उनकी विनम्रता, सौम्यता और बुद्धिमत्ता से परिपूर्ण रहा। प्रधानमंत्री ने स्‍मरण किया कि इस वर्ष की शुरुआत में राज्यसभा में डॉ. सिंह के कार्यकाल के अंत में भी उन्होंने डॉ. सिंह के समर्पण की प्रशंसा करते हुए उन्हें सभी के लिए प्रेरणा स्रोत बताया था। अपनी शारीरिक चुनौतियों के बावजूद डॉ. सिंह ने व्हीलचेयर पर बैठकर महत्वपूर्ण सत्रों में भाग लिया और अपने संसदीय कर्तव्यों का निर्वहन किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रतिष्ठित वैश्विक संस्थानों से शिक्षा प्राप्त करने और शीर्ष सरकारी पदों पर रहने के बावजूद डॉ. सिंह ने अपनी साधारण पृष्ठभूमि के मूल्यों को कभी नहीं भुलाया। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह हमेशा दलीय राजनीति से ऊपर रहे, सभी दलों के लोगों से संपर्क बनाए रखा और सभी के लिए आसानी से उपलब्ध रहे। श्री मोदी ने मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के समय और बाद में दिल्ली में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर डॉ. सिंह के साथ अपनी स्‍वतंत्र चर्चा को याद किया। उन्होंने डॉ. सिंह के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और देशवासियों की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *